घर से भागकर शिवानी ने प्रेमी संग रचाई शादी, गुस्से में भाई ने बहन को मारी गोली

भागलपुर के सजौर थानाक्षेत्र के चंद्रमा गांव में प्रेम विवाह से नाराज चल रहे भाई ने बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की दिल दहला देने वाली घटना चन्द्रमा इलाके के प्रभावशाली अभय सिंह के परिवार में हुई है। उनका भतीजा साहिल कुमार सिंह उर्फ ढालू सिंह उर्फ अमित ने अपनी सगी बहन शिवानी को गोली मार मौत के घाट उतार दिया। शिवानी ने झारखंड के दुमका निवासी युवक से प्रेम विवाह कर लिया था। जिससे परिवार में काफी नाराजगी थी।

प्रेम विवाह भागलपुर के सांसद रहे स्वर्गीय प्रभाष चन्द्र तिवारी के रिश्तेदार से शिवानी ने कर ली थी। विवाह की जानकारी बाद सिंह परिवार के लोग रिश्ता तोड़वा कर शिवानी को घर लेते आए थे। उससे शिवानी ने घर मे विद्रोह कर रखा था। सोमवार की रात अनबन बाद बात बढ़ गई और ढालू ने शिवानी को गोली मार दी। मौके पर उसकी मौत हो गई। डीएसपी विधि व्यवस्था गौरव कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंच शव का पंचनामा कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर नौलखा कोठी भेज दिया है।

परिवार वाले विवाह से थे नाराज

लड़की के स्‍वजन अंतरजातीय विवाह से नाराज थे। जिस युवक से शिवानी ने प्रेम किया था, वह ब्राह्मण है। लड़की राजपूत थी। इस कारण लड़की के स्‍वजन काफी नाराज थे। खासकर उसका भाई इस प्रेम विवाह के बाद से बहुत ही ज्‍यादा गुस्‍से में था। जानकारी मिली है कि शादी दो दिन पूर्व ही लड़की ने दुमका जाकर अपने प्रेमी से की थी। शिवानी का प्रेमी भागलपुर के पूर्व भाजपा सांसद स्‍व. प्रभाष चंद्र तिवारी के रिश्‍तेदार बताये जा रहे हैं।

अंतरजातीय विवाह से खफा भाई ने सगी बहन की गोली मारकर की हत्या


शाहकुंड के सजौर थाना क्षेत्र के चंद्रमा गांव में दिल दहला देने वाली घटना दीपावली की रात को घटी है। जहां अंतरजातीय विवाह से खफा भाई ने अपनी सगी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी है। मामले को लेकर मृतक शिवानी सोलंकी की मां राधा देवी ने अपने सगे बेटे साहिल कुमार सिंह उर्फ कालू सिंह सहित तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाकर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

शादी का रिश्ता पक्का कर चुके थे पिता प्रेमी संग भागकर कर ली शादी

थानाध्यक्ष महाश्वेता सिन्‍हा ने बताया कि चंद्रमा निवासी शिवानी सोलंकी के पिता निर्भय कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह हैं। शिवानी सोलंकी 22 वर्ष की है। बांका जिला अंतर्गत रजौन कॉलेज में पढ़ाई करती थी। 22 सितंबर को शिवानी सोलंकी रजौन से ही लापता हो गई थी। स्वजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन शिवानी सोलंकी का कुछ पता नहीं चला। 25 सितंबर को स्वजनों को पता चला कि शिवानी सोलंकी ने जगदीशपुर गांव के प्रिंस कुमार के साथ शादी कर ली है। इधर स्वजनों ने शिवानी सोलंकी की शादी अपने स्वजाति में करने हेतु रिश्ता पक्का कर लिया था। कुछ राशि भी लड़के वालों को दे दी गई थी। लेकिन इस शादी का शिवानी सोलंकी ने विरोध किया। स्‍वजनों ने शिवानी की बात नहीं मानी। इसके बाद शिवानी सोलंकी एवं उसके स्वजनों में काफी झगड़ा भी हुआ।

भाई ने बहन को मारी गोली

शिवानी सोलंकी के इस प्रस्ताव को भाई साहिल कुमार सिंह को नागवार गुजरी और आवेश में आकर दीपावली के दिन रात्रि के करीब नौ बजे शिवानी के सगे भाई साहिल कुमार सिंह उर्फ ढालू सिंह ने शिवानी को कनपटी में गोली मार दी। गोली शिवानी के कपाल में जाकर अटक गई। घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इस हत्‍या में साहिल का साथ उसके चचेरा भाई रोशन कुमार सिंह ने भी दिया था। इसकी जानकारी साहिल की मां ने ही थानाध्‍यक्ष को दी है। अंतरजातीय विवाह के कारण शिवानी को अपनी जान गंवानी पड़ी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में तीन को नामजद आरोपी बनाया गया है। सभी आरोपी घर से फरार बताए जा रहे हैं। शव का पोस्‍टमार्टम किया जा चुका है।

Input : Dainik Jagran

Leave a Comment