मायके लौटी तेजस्वी की पत्नी राजश्री ने कहा-बिहार ठीक बा, लोग बहुत अच्छे हैं

राजद नेता तेजस्वी यादव पत्नी राजश्री के साथ गुरुवार को दिल्ली पहुंच गए। दिल्ली जाने से पहले पटना में राजश्री ने कहा कि ‘बिहार ठीक बा।’ लोग बहुत ही अच्छे हैं। यहां के लोग ही तेजस्वी को सीएम बनाएंगे। तेजस्वी जमीनी नेता हैं। उन्हें बिहार की चिंता रहती है। वो बहुत अच्छे राजनेता हैं। मैं उन्हें पूरा सपोर्ट करूंगी। पत्नी के नाते जितना भी सहयोग होगा, करूंगी। यहां के लोगों से बहुत आशीर्वाद मिला है। सासू मां का भी काफी प्यार मिलता है। तेजस्वी से शादी से जुड़े सवाल पर कहा कि उन्होंने ही तेजस्वी को पहले प्रपोज किया था। वहीं बहू को पटना से दिल्ली के लिए रवाना करने के समय भावुक राबड़ी देवी ने कहा कि बहू का काफी प्यार मिला है। बहू को राजनीति में लाने पर राबड़ी ने कहा- ऊ तो अलग चीज है।

राजश्री संग तेजस्वी हनीमून के लिए जा सकते है विदेश

राजद नेताओं की मानें तो तेजस्वी को कोर्ट से अनुमति मिली तो वो राजश्री संग घूमने विदेश जा सकते हैं। तेजस्वी का पासपोर्ट प्रवर्तन निदेशालय के एक मामले में कोर्ट में जमा है। चर्चा ये भी है कि वो पासपोर्ट के सिलसिले में ही दिल्ली गए हैं। हालांकि क्रिसमस पर्व को देखते हुए नेताओं का कहना है कि राजश्री के माता-पिता इसाई धर्म को मानने वाले हैं, इसलिए क्रिसमस पर्व के मौके पर राजश्री मायके दिल्ली गई है।

राजश्री करती है पूरा सपोर्ट

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि वे दो-चार दिनों के बाद पटना लौट आएंगे। 10 दिनों तक पटना में पत्नी के साथ बिताए पलों को याद करते हुए कहा कि अब पहले से जिम्मेदारी बढ़ गई है। पहले से ही राज्य को संवारने की जिम्मेवारी कंधे पर है। घर से पूरा सपोर्ट मिलता रहा है। अब पत्नी का भी पूरा सपोर्ट मिल रहा है। बिहार की गरीबी और बेरोजगारी को उबारने के लिए और मेहनत करनी पड़ेगी। पटना से दिल्ली जाने के समय राबड़ी आवास 10, सर्कुलर रोड में तेजस्वी और राजश्री को विदा करने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी।

Leave a Comment