बिहार पंचायत, मुखिया चुनाव रिजल्‍ट: यहां देखिए कहां से किसकी हुई जीत, क्‍या हैं अभी तक के रूझान

बिहार में 11 चरणों में हो रहे पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान शुक्रवार को हुआ। मुखिया, पंचायत समित सदस्‍य, वार्ड सदस्‍य, सरपंच, पंच व जिला पार्षदों के चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद अब रविवार को संबंधित जिला मुख्यालयों में मतगणना शुरू हो गई है। मतदान की हीं तरह मतगणना के लिए भी साफ्टवेयर का इस्तेमाल किया जा रहा है। ईवीएम से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ओसीआर साफ्टवेयर के माध्यम से परिणाम दिया जाएगा। परिणाम अब कुछ ही देर में आने लगेंगे। पहले चरण में 10 जिलों में 12 प्रखंडों की 151 पंचायतों में मतदान हुआ था। इसमें करीब 60 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मतगगणना के परिणाम आने शुरू हो गए हैं।

11:20 AM– जमुई के कुमार पंचायत समिति से त्रिकोणीय मुकाबले में 303 मतों से राजकुमार जीते। उन्‍होंने विनोद कुमार मंडल को हराया। राजकुमार 1600 तो विनोद कुमार मंडल 1297 वोट मिले।

11:10 AM– जमुई के पोहे पंचायत समिति उत्तरी भाग से उप प्रमुख नैयर खान ने दोबारा जीत दर्ज की है। उन्होंने 70 वोट से संजीत सिंह को पराजित किया है। औरंगाबाद के पड़रावां पंचायत से मुखिया प्रत्याशी अनिल पासवान हुए विजयी रहे हैं। उन्होंने गुलशन कुमार को 266 मतों से हराया है। 11.00 AM- नवादा जिले के गोविंदपुर प्रखंड के वार्ड एक में बलबीर यादव, दो में रधिया देवी, तीन में मोबिना खातून, चार में रफीदा खातून, पांच में ललिता देवी, छह में सुनीता देवी, सात में सुरजी देवी, आठ में खुशनुमा परवीन, नौ में बिंदा यादव, 10 में जितेंद्र कुमार, 11 में अरविंद कुमार, 12 में कौशल्या देवी, 13 में शशिभूषण प्रसाद और 14 में अनोज कुमार विजयी घोषित किए गए हैं। उधर जमुई जिले के पोहे पंचायत समिति उत्तरी भाग से उप प्रमुख नैयर खान ने दोबारा जीत दर्ज की है।

10:45 AM– रोहतास में दावथ के जमशोना पंचायत से पूर्व मुखिया ने ही जीत हासिल की। संझौली के चांदी में मिथलेश कुमार यादव ने मुखिया पद का चुनाव जीता। वहीं जमुई जिले के सिकंदरा प्रखंड की पोहे पंचायत से मनोज मंडल ने जीत हासिल की।

10:30 AM– कैमूर के कुदरा प्रखंड के खरहना पंचायत से अशोक चौरसिया मुखिया निर्वाचित हुए हैं। औरंगाबाद का पहला रिजल्ट पड़रावां पंचायत का वार्ड 10 का आया है। वहां राजकुमार चौबे ने बब्लू सिंह ने 13 मतों से हराया है। राजकुमार चौबे को 114 तो बब्लू सिंह को 101 वोट मिले हैं।

10:15 AM– जमुई के सिकंदरा प्रखंड अंतर्गत कुमार पंचायत से मुखिया पद का परिणाम आ चुका है। यहां से शंभू सिंह 1280 मतों से जीते हैं। शंभु सिंह को 2619 मत मिले हैं। उन्‍हाेंनें संजीव रंजन को पराजित किया है। संजीव रंजन को 1339 मत प्राप्त हुए हैं। शंभू सिंह की जीत के बाद मतगणना केंद्र के बाहर उनके समर्थकों में खुशी छाई हुई है।

10:00 AM– पंचायत चुनाव के पहले चरण की मतगणना जारी। अभी तक कहीं से कोई रूझान या नतीजा नहीं आया है। हालांकि, जल्‍दी हीं रूझान व नतीजे आने लगेंगे।

09:45 AM– औरंगाबाद में डेढ़ घंटे बाद सबसे पहले पड़रावां पंचायत की मतगणना शुरू। नवादा के गोविंदपुर प्रखंड के बकसोती पंचायत के मतों की गिनती भी आरंभ।

09:30 AM– मतगणना के साथ अब कुछ देर बाद से रूझान व नतीजे आने लगेंगे। इस दौरान नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के स्‍वागत के लिए मतगणना केंद्रों के बाहर फूलों व मिठाइयों की दुकानें अभी से लग गईं हैं।

09:15 AM– गया जिले में अभी तक मतगणना शुरू नहीं हुई है। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह मतगणना केंद्र पर पहुंच गए हैं। मतगणना में अभी करीब आधा घंटा का वक्त और लगेगा।

09:00 AM– औरंगाबाद सदर प्रखंड के पड़रावां पंचायत की मतगणना विलंब से शुरू हुई, लेकिन पांच मिनट के बाद पुनः अपरिहार्य कारणों से बंद हो गई है। जिला प्रशासन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अभी मतगणना शुरू होने में आधा घंटा से ज्यादा समय लगेगा। कई अन्‍य जगह भी मतगणना में विलंब हो रहा है।

08:45 AM– गया जिले में आज पहले चरण के पंचायत चुनाव के नतीजों के लिए मतगणना शुरू हो चुकी है। सुबह 10 बजे तक रुझान आएगा। उधर, औरंगाबाद व नवादा में अभी तक मतगणना शुरू नहीं हई है।

08:30 AM– नवादा के गोविंदपुर प्रखंड में जिला परिषद की सीट ij पुष्पा देवी का सरिता देवी व उषा देवी से मुकाबला है। सीट अनुसूचित महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। पिछले चुनाव में पुष्पा देवी जीतीं थीं।

08:15 AM– औरंगाबाद में पहले चरण के पंचायत चुनाव की मतगणना में सदर प्रखंड के पड़रावां पंचायत के प्रत्याशियों का भाग्य का फैसला सबसे पहले होगा। जबकि, सबसे अंत में जम्होर पंचायत के प्रत्याशियों के नजीजे आएंगे। यहां अभी तक मतगणना शुरू नहीं हो सकी है।

08:00 AM– पंचायत चुनाव के पहले चरण के 10 जिलों के 12 प्रखंडों की 151 पंचायतों में हुए मतदान की मतगणना शुरू। अब कुछ ही देर में नतीजे भी आने लगेंगे। सबसे पहले ईवीएम से हुई वोटिंग के नतीजे आएंगे।

07:45 AM– जमुई के साथ ही सिकंदरा प्रखंड की 13 पंचायतों के 1095 प्रत्याशियों के भाग्य के फैसला को लेकर जिला मुख्यालय स्थित केकेएम कालेज में मतगणना केंद्र बनाया गया है। मतगणना को लेकर शहर में भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में धारा 144 लागू की गई है। विभिन्न मार्गो पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित कर दिया गया है।

07:30 AM– नवादा के गोविंदपुर प्रखंड की की नौ पंचायतों के कुल 923 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने के लिए केएलएस कॉलेज में मतगणना होने जा रही है। उम्मीदवारों व समर्थकों का आना शुरू हो गया है। लोग कतारबद्ध होकर मतगणना केंद्र में प्रवेश कर रहे हैं।

07:15 AM– बांका के धोरैया, मुंगेर के तारापुर व जमुई के सिकंदरा प्रखंडों में 24 सितंबर को हुए मतदान की मतगणना हो रही है। बांका के पीबीएस कालेज में मतगणना सुबह आठ बजे से होगी। मतगणना कर्मी सुबह पांच बजे ही पहुंच चुके थे। धोरैया के मकैता-बबूरा पंचायत का परिणाम सबसे पहले आएगा। सुबह नौ बजे तक इसका परिणाम जारी होने की उम्‍मीद है। इसके बाद 10 बजे से तक काठबनगांव और गौरा पंचायतों के परिणाम आएंगे। हर घंटे-दो से तीन पंचायतोंं के परिणाम जारी होंगे।

07:00 AM– मुंगेर के तारापुर प्रखंड की 10 पंचायतों की मतगणना डायट केंद्र मुंगेर में होने वाली है। मतगणना के लिए वहां 17 टेबल बनाए गए हैं।

06:45 AM– गया के बेलागंज के लिए स्ट्रांग रूम व मतगणना केंद्र मानविकी भवन में तो खिजरसराय के लिए मतगणना हाल गया कालेज के मानविकी भवन में बनाए गए हैं। वहां मतगणना आठ बजे शुरू होगी। पंच व सरपंच के चुनाव बैलेट पेपर से कराए गए हैं, जिनके नतीजे आने में अधिक समय लगेगा। शेष चार पदों के लिए ईवीएम से मतदान होने के कारण नतीजे जल्दी-जल्दी आएंगे।

06:30 AM– मतगणना को लेकर सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम किए गए हैं। इसपर लोगों की नजरें लगी हुईं हैं। मतगणना के दौरान व बाद में प्रत्‍याशियों के समर्थक आपस में नहीं उलझें, इसपर प्रशासन की कड़ी नजर है।

06:00 AM– पहले चरण में कुल 4646 पदों के लिए 15078 प्रत्याशियों ने भाग्य आजमाए हैं। इनमें पुरुष प्रत्याशियों की संख्या 7191 है। जबकि, 7887 महिलाओं ने भी ताल ठोक रखा है। पहले चरण में 858 प्रत्याशी पहले हीं निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। नामांकन नहीं होने के कारण 72 पद रिक्त भी रह गए। तकनीकी कारणों से अरवल जिले में पंचायत समिति सदस्य के एक पद पर पुनर्मतदान भी कराया जाएगा।

कहां हुई थी कितनी वोटिंग

(जिलावार मतदान का फीसद)

रोहतास – 62.50
कैमूर – 60.04
औरंगाबाद – 62.00
गया – 60.50
नवादा – 57.75
जहानाबाद – 56.69
अरवल – 59.00
बांका – 61.00
मुंगेर – 57.50

input:- Dainik Jagran

Leave a Comment