संबंध बनाते पकड़े गए प्रेमी युगल का वीडियो बना दबंगों ने किया वायरल

अररिया जिले में गांव के दबंगों द्वारा एक महिला और युवक के साथ शर्मनाक हरकत करने और कानून को अपने हाथ में लेने का मामला सामने आया है। फारबिसगंज थाना क्षेत्र के पंचायत में गांव के कुछ दबंगों ने एक शादीशुदा महिला को उसके प्रेमी के साथ संबंध बनाते रंगे हाथों पकड़ लिया। फिर दोनों को जंजीर से बांधने के बाद पूरे कपड़े उतार कर उनका वीडियो बनाया। मामले को सुलझाने के लिए गांव में पंचायत भी हुई। लेकिन घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस प्रशासन हरकत में आ गई।

जानकारी के अनुसार गांव के कुछ दबंग लड़कों ने इस घटना को अंजाम दिया है। पीड़ित पक्ष की तरफ से अररिया के एसपी हृदयकांत से शिकायत की गई थी।


एसपी के निर्देश पर फारबिसगंज के डीएसपी रामपुकार सिंह ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ने बताया है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने विवाहिता को प्रेमी के साथ अवैध संबंध बनाते हुए पकड़ लिया था। ग्रामीणों ने कानून को हाथ में लेते हुए दोनों को प्रताड़ित किया और उनका अश्लील वीडियो बना लिया।

पुलिस ने इस मामले पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। वीडियो की जांच करने के बाद पंचायत में शामिल होने वाले प्रधान मरांडी, राजू मरांडी, श्यामलाल बेसरा जुथु बेसरा, कारी मुर्मू और मधेपुरा के रहने वाले रविंद्र हेंब्रम को गिरफ्तार किया गया है। डीएसपी ने कहा है कि इस मामले में अन्य कई आरोपी हैं जिन्हें पकड़ा जाएगा। पुलिस वीडियो बनाने वाले और उसे वायरल करने वालों की भी तलाश कर रही है। पुलिस पीड़ित पक्ष को सुरक्षा दे रही है।

Leave a Comment