पेड़ से दबकर युवक की मौत:छपरा में NH-331 पर हुआ हादसा; घर से क्लिनिक की ओर जा रहा था युवक, मौके पर ही हुई मौत

सारण के बनियानपुर मुख्य बाजार में NH-331 पर पेड़ की डाली गिर जाने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सहाजितपुर थाना क्षेत्र के हाफीजपुर गांव निवासी भूषण उपाध्याय का पुत्र संतोष उपाध्याय (25 वर्ष) के रूप में की गई है।

इधर, मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। संतोष के घर में कोहराम मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि संतोष दांत के एक डॉक्टर के क्लिनिक पर कंपाउंडर के रूप में काम करता था। रोजाना की तरह ही शनिवार को भी वह क्लिनिक जाने के लिए ही निकला था। बनियापुर मुख्य बाजार में NH-331 पर अचानक ही एक सेमल के पेड़ की एक डाल टूटकर उसपर गिर पड़ी। इसके कारण वह पेड़ के नीचे दब गया। दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई!

लेकिन, सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस की टीम ने उसे रेफरल अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना पर पहुंचे परिजनों के चीत्कार से आस्पताल का वतावरण मातमी कोहराम में बदल गया।

युवक अविवाहित था। उसकी मौत से स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है। वह घटना का जिम्मेवार वन विभाग को मान रहे हैं। लोगो ने बताया कि NH-331 से सटे मुख्य बाजार में यह सूखा पेड़ वर्षो से है। कई बार सूखे पेड़ की डाल टूटकर गिरने से लोग जख्मी हुए हैं। 5 दिन पहले भी इसी पेड़ की सूखे डाल गिरने से आसपास के तीन दुकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। तीन लोग चोटिल भी हुए थे। बार बार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए स्थानीय मुखिया नागेंद्र प्रसाद ने पेड़ हटाने की मांग की थी, लेकिन इस मांग को वन विभाग ने गम्भीरता से नहीं लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले साल नवंबर महीने में वन-विभाग और अंचलाधिकारी को भी इससे अवगत कराया गया था। मगर पेड़ काटकर हटाने को लेकर कोई पहल नही की गई, जिससे आसपास के दुकानदार में हर समय भय का माहौल कायम रहता था।

यदि समय रहते पेड़ नहीं काटे गए तो किसी दिन बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता है। लोगों ने वन के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कराने की मांग की है। बीडीओ सुदामा प्रसाद सिंह ने बताया कि उक्त सेमल का पेड़ पिछले कई वर्षों से सूखा हुआ है।इसको लेकर कई बार वन विभाग को अंचलाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया है। आज की घटना से हम लोग मर्माहत हैं। इस पेड़ को अविलम्ब हटाया जाएगा।

वही भाजपा नेता बृजमोहन सिंह ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा की मांग करते वन विभाग पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।मौके पर थानाध्यक्ष किशोरी चौधरी घटना के बाद आवश्यक करवाई में जुटे हुए थे।

Leave a Comment