बिहार के जहानाबाद में अचानक गिरा 3 मंजिला मकान, लोगों ने कहा तूफान यास का असर Video Viral

जहानाबाद जिले के मखदुमपुर बाजार में बस स्टैंड के निकट एक तीन मंजिला मकान अचानक गिर पड़ा। मकान बाजार के व्यवसायी आशुतोष कुमार उर्फ चीकू का था। मकान में गृह स्वामी की ही काजल गारमेंट्स रेडीमेड कपड़े की दुकान थी। बुधवार करीब 2:45 में मकान एकाएक गिरने लगा और गड़गड़ाहट की आवाज आई।

इसे सुनते ही निकट के पड़ोसी सड़क पर आ गए और तत्काल दोनों तरफ के वाहनों को रोक दिया गया जिससे एक बड़ा खतरा टल गया। मकान में सिर्फ दुकाने थीं। कोई रहता नहीं था। मकान गिरने से करीब 6 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। संध्या के समय दुकानें बंद रहने एवं लॉकडाउन के कारण सन्नाटा था। वरना दर्जनों लोगों की मौत हो सकती थी।

सड़क पर मलबा बिखरने के कारण एनएच 83 पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। निकट के बिजली के तीन पोल गिर गए, जिसके कारण पूरे बाजार में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। मकान गिरने की सूचना जंगल की आग की तरह पूरे बाजार में फैल गई। 

सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलने पर सबसे पहले नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी दिनेश पुरी और उपाध्यक्ष चुन्नु शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। नगर पंचायत के द्वारा तत्काल मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया। 

सूचना मिलने पर सीओ राजीव रंजन, बीडीओ अनिल मिस्त्री, थाना अध्यक्ष रंजय कुमार पहुंचे। उसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी निखिल धनराज पहुंचे। सड़क निर्माण में लगे तीन और जेसीबी को मलबा हटाने में लगाया गया। चार जेसीबी, दो हाईवा और ट्रैक्टर मलबा हटाने में लगे हुए थे।

Leave a Comment