समस्तीपुर:बर्षो से चल रहा था प्रेम प्रसंग,ग्रामीणों ने पकड़ कर प्रेमी युगल की कराई जबरन शादी ।

समस्तीपुर :- मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर एलौथ स्थित वार्ड 07 में ग्रामीणों द्वारा जबरन एक नाबालिग प्रेमी युगल की शादी कराए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस गांव में ग्रामीणों ने फरमान सुनाते हुए एक नाबालिग प्रेमी युगल की शादी कराने का फैसला लिया।

वहीं जब पंचायत के फैसले को लड़का मानने से इनकार कर दिया तो उसकी पिटाई भी की गई और जबरन लड़की के द्वारा उसके गले में जयमाला पहनाया गया। घटना के बाबत मिली जानकारी के मुताबिक एक ही गांव के और पड़ोस के रहने वाले एक नाबालिग लड़की और लड़का के बीच पूर्व से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

इसको लेकर सामाजिक स्तर पर पंचायत बुलाई गई। पंचायत के दौरान लड़का और लड़की की उम्र को दरकिनार करते हुए जबरन शादी कराने का प्रयास किया। इस बीच लड़की के द्वारा लड़का को जयमाला भी पहनाया गया। जब लड़का के द्वारा लड़की को जयमाला नहीं पहनाया गया तो गांव के कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोगों द्वारा लड़के की पिटाई की गई और उसे लड़की को जयमाला पहनाने के लिए दबाव डाला गया।

लेकिन बार-बार लड़का के द्वारा जयमाला पहनाने से इन्कार किया जाता रहा। जिससे आक्रोशित होकर लोग उसे पीटते रहे। घंटों चली इस हाई वोल्टेज ड्रामा की खबर ग्रामीणों के द्वारा मिलने के बाद मुसरीघरारी पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पुलिस लड़का और लड़की को अपने साथ लेकर थाना चली आई।

इस बाबत मुसरीघरारी थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा लड़का-लड़की को पकड़ कर थाने पर लाया गया था। लेकिन दोनों के माता-पिता दोनों की शादी से इन्कार किया है। वैसे यह मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। किसी ओर से आवेदन नहीं आया है। आवेदन आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं लड़का के स्वजनों का बताना है कि किसी तरह वह अपने बच्चों को आगे बढ़ा रहे हैं और यह देखकर समाज के कुछ लोगों को अच्छा नहीं लगता है। जिसके कारण जबरदस्ती दबाव देकर ऐसा कराया जा रहा है।

Leave a Comment